उदयपुर नगर निगम में सहायक अग्निशमन अधिकारी शिवराम मीणा की पदोन्नति को विभागीय जांच में गलत पाया गया। विभाग के ही एक कार्मिक की ओर से वर्ष 2022 में की गई शिकायत पर जांच करीब सवा साल बाद जाकर पूरी हुई है। हाल ही में निगम आयुक्त राम प्रकाश ने यह जांच रिपोर्ट स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक को अग्रिम कार्रवाई के लिए भिजवाई। नगर निगम में अग्निशमन विभाग के कार्मिक शराफत हुसैन ने 27 फरवरी 2019 को हुई विभागीय पदोन्नति पर सवाल खड़ा करते हुए मामले की शिकायत की थी। जिसमें सहायक अग्निशमन अधिकारी शिवराम मीणा की पदोन्नति, नियुक्ति तारीख, स्थायीकरण तिथि एवं सर्विस रेकॉर्ड की प्रविष्टियों पर सवाल खड़ा किया था। निगम के प्रशासनिक अधिकारी फिरोज खान, कनिष्ठ विधि अधिकारी दीपिका मेनारिया और लेखाधिकारी चंद्र प्रकाश तलदार ने प्रकरण की जांच की। जिसमें टिण्डल से सहायक अग्निशमन अधिकारी के पद पर की गई पदोन्नति को नियमानुसार सही नहीं माना। जांच समिति ने पाया कि पदोन्नति के समय नगर निगम में सहायक अग्निशमन अधिकारी का एक ही पद था, जिस पर जयसिंह चौहान कार्यरत थे।

जांच रिपोर्ट में क्या ?

■ शिवराम मीणा की फायरमैन के पद पर नियुक्ति 18.10.1997 को तथा स्थायीकरण 09.11.1999 को हुआ।

■ टिण्डल से सहायक अग्निशमन अधिकारी पद पर पदोन्नति के लिए वरिष्ठता सूची 19.02.2019 को वर्ष 2015-16 के लिए जारी की गई। जिसमे दिनांक 01.04.2015 से पदोन्नति की गई।

■ पदोन्नत किए गए कार्मिक शिवराम मीणा की वांछित अनुभव पात्रता जो कि पांच वर्ष है, वह भी पूर्ण नहीं की गई थी।